आज़ादी या सिर्फ़ स्वतंत्रता? | स्वतंत्रता दिवस पर एक विशेष विचार-मंथन | KhabarForYou
- MADHU SHARMA
- 15 Aug, 2026
- 84856
Email:-MadhuSharmaa1992@gmail.com
Instagram:-@thehealingspace.by.madhu
आज हम भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। यानी उस दिन को आठ दशक पूरे हो चुके हैं, जब हमारा देश गुलामी की जंजीरों से आज़ाद हुआ था। आज़ादी से वर्तमान तक का यह लंबा सफ़र हमें बहुत कुछ सिखाता है। बोलने की स्वतंत्रता, अपनी भाषा और विचार रखने की स्वतंत्रता, घूमने-फिरने और अपनी पसंद से जीवन जीने की स्वतंत्रता - इनमें से बहुत कुछ हमें हमारे संविधान ने दिया है।
Read More - स्वतंत्रता दिवस 2026: के लिए 150+ आसान भाषण विचार | KhabarForYou
लेकिन आज एक बार रुककर खुद से सवाल कीजिए -
क्या हम सच में आज़ाद हैं?
या हमने सिर्फ़ स्वतंत्रता हासिल की है?
स्वतंत्रता और आज़ादी सुनने में भले एक जैसी लगती हों, लेकिन शायद दोनों को एक ही अर्थ में देखना पर्याप्त नहीं है। स्वतंत्रता हमारे बाहरी अधिकारों से जुड़ी है, जबकि आज़ादी का एक अर्थ हमारे भीतर भी छिपा है। हम अपनी मर्ज़ी के मालिक होने की बात करते हैं। लेकिन क्या हम उन विचारों, धारणाओं और आदतों से भी स्वतंत्र हैं, जिनसे चाहकर भी बाहर नहीं निकल पाते? इन अनदेखी बेड़ियों में एक ऐसी बेड़ी भी है, जिसे हम अक्सर बेड़ी मानते ही नहीं - पूर्वाग्रह। किसी व्यक्ति को उसकी जाति, धर्म, भाषा, पहनावे या आर्थिक स्थिति के आधार पर जानने से पहले ही उसके बारे में एक धारणा बना लेना - क्या यह भी हमारी सोच की एक ऐसी कैद नहीं है, जिससे हमें आज़ाद होने की जरूरत है?
हम संविधान में समानता और स्वतंत्रता के अधिकार की बात करते हैं, लेकिन क्या हमारी रोज़मर्रा की सोच भी उतनी ही स्वतंत्र हो पाई है? कई बार सामने वाले से बात करने से पहले ही हम तय कर लेते हैं कि वह कैसा होगा, क्या सोचेगा और हमारे बारे में क्या राय बनाएगा। और इसी सोच से बिना कहे एक दूरी बन जाती है - एक ऐसी वैचारिक दूरी, जिसकी दीवार हमने खुद खड़ी की होती है। शायद हमारी सबसे बड़ी विडंबना यही है कि हमने आज़ादी को केवल बाहरी बंधनों से मुक्ति मान लिया, जबकि एक स्वतंत्र देश के नागरिक के रूप में हमारी सोच कितनी स्वतंत्र हुई है, यह सवाल अभी भी हमारे सामने है।
अधिकार मिले हैं, लेकिन क्या कर्तव्य भी समझे हैं?
स्वतंत्रता केवल अपने अधिकारों को जानने का नाम नहीं है। एक स्वतंत्र देश का नागरिक होने के नाते क्या हम अपने कर्तव्यों को भी उतनी ही गंभीरता से समझते हैं? हम अपने अधिकारों की बात तो अक्सर करते हैं, लेकिन देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को कितनी स्पष्टता से समझते हैं?
सड़क पर नियमों का पालन करना, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखना, सार्वजनिक संपत्ति का सम्मान करना, प्रकृति की रक्षा करना और दूसरों के अधिकारों का सम्मान करना - ये बातें शायद बहुत छोटी लगें, लेकिन इन्हीं छोटी-छोटी आदतों से एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान बनती है। आज़ादी हमें केवल अपनी मर्ज़ी से जीने का अधिकार नहीं देती, बल्कि अपनी मर्ज़ी के साथ जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी देती है।
देशभक्ति एक दिन का उत्सव नहीं
देशभक्ति अक्सर हम देशवासियों में 26 जनवरी या 15 अगस्त के आसपास ही ज़ोर-शोर से दिखाई देने लगती है।अपनी DP बदलना, Status पर Patriotic Song लगाना, तिरंगे के रंग के कपड़े पहनना, घर की छत पर तिरंगा लगाना और आजकल अपने वाहनों पर भी तिरंगा लगाकर निकलना - मानो एक अनदेखी दौड़ चल रही हो कि कौन सबसे बड़ा देशभक्त दिखाई दे।लेकिन क्या वाकई हमारे देश को ऐसी दिखावे वाली देशभक्ति की जरूरत है?क्योंकि देशभक्ति एक दिन मनाया जाने वाला त्योहार नहीं, बल्कि हर दिन निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।
देश के प्रति प्रेम सिर्फ़ तिरंगे के रंग पहनने में नहीं, बल्कि उस तिरंगे के सम्मान के अनुरूप अपने आचरण में दिखाई देना चाहिए।देशभक्ति तब भी है जब हम सड़क पर कूड़ा फेंकने से खुद को रोकते हैं। तब भी है जब हम नियम तोड़ने को अपनी चालाकी नहीं समझते। तब भी है जब हम किसी दूसरे व्यक्ति के अधिकार और सम्मान का ख्याल रखते हैं।
देश से हमारी अपेक्षाएँ बहुत हैं... लेकिन हम देश को क्या दे रहे हैं?
हम चाहते हैं कि देश की सड़कें अच्छी हों, शहर साफ़ हों, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर हो, रोजगार के अवसर बढ़ें और हर नागरिक सुरक्षित रहे।इन सबकी अपेक्षा करना हमारा अधिकार है। लेकिन कभी-कभी सवाल उल्टा पूछकर भी देखना चाहिए - देश हमसे क्या चाहता है?
क्या केवल यह कि हम हर साल स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा लगाएँ? या यह भी कि जिस देश की व्यवस्था को हम बेहतर देखना चाहते हैं, उसे बेहतर बनाने में अपना छोटा-सा योगदान दें? देश की परिस्थितियों में बदलाव सभी चाहते हैं, लेकिन खुद से बदलाव की शुरुआत शायद ही कोई करना चाहता है। हम चाहते हैं कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर हो, देश में बदलाव आए, एक नई क्रांति हो। लेकिन क्या हर क्रांति की शुरुआत किसी बड़े आंदोलन से ही होती है? ज़रूरी नहीं कि बदलाव के लिए हमें किसी सरकारी नीति का विरोध या किसी बड़े अभियान का हिस्सा ही बनना पड़े। उसकी वास्तविक शुरुआत तो हम बहुत छोटे स्तर से कर सकते हैं - परीक्षा में होने वाली नकल को रोककर, शिक्षक अपने कर्तव्य को समझकर, अभिभावक अपनी जिम्मेदारी को समझकर और एक नागरिक अपने हिस्से की ईमानदारी निभाकर। बदलाव की शुरुआत हमेशा "कोई" क्यों करे? कभी-कभी वह "मैं" से भी शुरू हो सकती है।
क्या मेरी आज़ादी किसी दूसरे की आज़ादी तो नहीं छीन रही?
आज़ादी का अर्थ अपनी इच्छा के अनुसार जीना ज़रूर है, लेकिन क्या मेरी स्वतंत्रता वहीं समाप्त नहीं हो जानी चाहिए जहाँ से किसी दूसरे के अधिकार और सम्मान को चोट पहुँचती है? मुझे अपनी बात कहने की स्वतंत्रता है, लेकिन क्या इसका अर्थ किसी का अपमान करने की स्वतंत्रता भी है? मुझे अपनी पसंद से जीने का अधिकार है, लेकिन क्या इसका अर्थ दूसरे की पसंद को गलत ठहराने का अधिकार भी है? शायद स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ केवल यह नहीं कि "मैं जो चाहूँ, कर सकता हूँ", बल्कि यह समझना भी है कि "मेरी स्वतंत्रता के साथ किसी दूसरे की स्वतंत्रता भी जुड़ी हुई है।"
तो इस स्वतंत्रता दिवस पर खुद से क्या पूछें?
हमने एक देश के रूप में बहुत लंबा सफ़र तय किया है। लेकिन हर सफ़र का एक बाहरी रास्ता होता है और एक भीतर का भी। हमने बाहरी गुलामी की बेड़ियाँ तोड़ दीं। अब शायद समय है कि हम उन अदृश्य बेड़ियों को भी पहचानें, जिन्हें हम अपने साथ लेकर चल रहे हैं - पूर्वाग्रह, दिखावा, जिम्मेदारियों से बचना, दूसरों से तुलना करना और वह सोच, जो हमें सही होते हुए भी सही कदम उठाने से रोकती है। किसी देश की प्रगति केवल उसकी ऊँची इमारतों, सड़कों और तकनीक से नहीं मापी जाती। उसके नागरिकों की सोच, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी भी उसकी प्रगति का हिस्सा होती है। इसलिए इस स्वतंत्रता दिवस पर शायद हमें केवल यह नहीं पूछना चाहिए कि देश कितना बदल गया।
एक बार यह भी पूछना चाहिए -
मैं कितना बदला?
क्या मेरी सोच पहले से अधिक स्वतंत्र हुई?
क्या मेरे भीतर दूसरों के लिए अधिक सम्मान आया?
क्या मैं अपने अधिकारों के साथ अपनी जिम्मेदारियों को भी समझ पाया?
और क्या मेरी देशभक्ति सिर्फ़ आज दिखाई देगी, या कल से मेरे व्यवहार में भी दिखाई देगी?
बदलाव की शुरुआत कहाँ से होगी?
तो आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराते हुए एक संकल्प करें - बदलाव की शुरुआत कहीं और से नहीं, खुद से करेंगे। और यदि देश का हर नागरिक यह संकल्प लेकर ईमानदारी से अपने कर्तव्य-पथ पर आगे बढ़े, तो शायद हम पाएँगे कि बदलाव केवल हमारे भीतर ही नहीं, हमारे आसपास भी दिखाई देने लगा है। यकीन मानिए, बदलाव कभी एकतरफ़ा नहीं होता। जब हम अपने भीतर की सफ़ाई शुरू करेंगे, तो उसका असर हमारे आसपास भी दिखाई देगा। जैसे कई बार हम आईने में अपना चेहरा देखकर बार-बार उसे साफ़ करने की कोशिश करते हैं, फिर भी चेहरा मैला ही दिखाई देता है। लेकिन एक बार आईना साफ़ करके देखिए - वही चेहरा बदला हुआ नज़र आने लगता है। शायद हमारे देश के साथ भी कुछ ऐसा ही है। बदलाव की शुरुआत हमेशा बाहर देखने से नहीं, कभी-कभी उस आईने को साफ़ करने से होती है जिसमें हम खुद को देखते हैं। क्योंकि देश हमसे मिलकर बनता है... और देश का बदलाव भी हमसे ही शुरू होगा।
स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।
© 2023 Khabar For You. All Rights Reserved.
Business, Sports, Lifestyle ,Politics ,Entertainment ,Technology ,National ,World ,Travel ,Editorial and Article में सबसे बड़ी समाचार कहानियों के शीर्ष पर बने रहने के लिए, हमारे subscriber-to-our-newsletter khabarforyou.com पर बॉटम लाइन पर साइन अप करें। |
| यदि आपके या आपके किसी जानने वाले के पास प्रकाशित करने के लिए कोई समाचार है, तो इस हेल्पलाइन पर कॉल करें या व्हाट्सअप करें: 8502024040 |
#KFY #KFYNEWS #KHABARFORYOU #WORLDNEWS
नवीनतम PODCAST सुनें, केवल The FM Yours पर
Click for more trending Khabar
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *
Search
Category



